
2011 की जनगणना के अनुसार देश में मुस्लिमों की आबादी 17 करोड़ है, जबकि 96 करोड़ हिंदू हैं।
काशी, मथुरा, दिल्ली, आगरा से लेकर मध्य प्रदेश के धार तक मंदिर-मस्जिद को लेकर विवाद जारी है। हिंदू पक्ष का दावा है कि मुस्लिम आक्रांताओं ने हिंदुओं की आस्था पर चोट पहुंचाई थी। 60 हजार से ज्यादा मंदिरों को तोड़ दिया गया। कई मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनवा दी गईं।
वहीं, मुस्लिम पक्ष उपासना स्थल (विशेष उपबंध) अधिनियम 1991 का हवाला दे रहे हैं। इसके मुताबिक, 15 अगस्त 1947 से पहले मौजूद किसी भी धर्म के उपासना स्थल को किसी दूसरे धर्म के उपासना स्थल में नहीं बदला जा सकता है। अगर कोई ऐसी कोशिश करता है तो उसे जेल भी हो सकती है। भारत में हिंदू और मुस्लिमों की संख्या भी दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले कहीं ज्यादा है। ऐसे में आज हम आपको भारत में मंदिर और मस्जिद की संख्या के बारे में बता रहे हैं।
96 करोड़ हिंदुओं के लिए 20 लाख से ज्यादा मंदिर
वैसे तो देश में मौजूद धार्मिक स्थलों का कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। हालांकि, अलग-अलग डाटा रिसर्च कंपनियों ने कुछ आंकड़े जरूर जारी किए हैं। ट्रैवल ट्राइंगल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 96 करोड़ हिंदुओं की आबादी के बीच 20 लाख से ज्यादा मंदिर हैं। सबसे ज्यादा करीब तीन लाख मंदिर तमिलनाडु में हैं।
17 करोड़ मुस्लिमों के लिए सात लाख से ज्यादा मस्जिद
मंदिरों की तरह मस्जिदों की संख्या को लेकर भी अब तक आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। हालांकि, डाटा रिसर्च कंपनियों के हवाले से कई दावे जरूर किए गए हैं। फाइंडिंग डाटा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, देश में करीब सात लाख मस्जिद हैं।
Courtesy : अमर उजाला